नगर पालिका परिषद देवरिया के 13 कार्मिक अनुपस्थित मिले, एक दिन का वेतन काटने का निर्देश
देवरिया - जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज प्रातः नगर पालिका परिषद, देवरिया का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कर निर्धारण अधिकारी एवं सहायक अभियंता समेत 13 कार्मिक अनुपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने समस्त अनुपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों के एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने 10 से 12:00 तक शासन के निर्देशानुसार जनता दर्शन अनिवार्य रूप से कर आमजनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने जनता दर्शन रजिस्टर में 22 दिन में महज 20 शिकायत दर्ज होने पर आश्चर्य व्यक्त किया।
आज जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न कार्यालयों में विशेष अभियान के तहत उपस्थिति एवं जनता दर्शन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।