भू-संपत्तियों के दर में कोई फेरबदल नहीं-जिलाधिकारी
देवरिया-जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद देवरिया में स्थित भू संपत्तियों से संबंधित न्यूनतम मूल्य सूची के पुनरीक्षण में पूर्व में प्रचलित दर को यथावत बनाए रखा गया है। उसमें किसी भी प्रकार का फेरबदल नहीं किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जन सामान्य से प्राप्त जानकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), सहायक महानिरीक्षक निबंधन, उप जिलाधिकारी एवं उपनिबंधक सदर सलेमपुर रुद्रपुर बरहज एवं भाटपार रानी की बैठक कर प्रचलित दर सूची का पुनरीक्षण करने के लिए व्यापक विचार विमर्श किया गया।
इससे यह स्पष्ट हुआ कि जनपद में स्थित भू संपत्तियों की दरें वर्तमान में लागू मूल्य दर सूची में दी गई दरों के समतुल्य हैं और वर्तमान में प्रभावी मूल्यांकन सूची में निर्धारित की गई दरों को यथावत रखने की संस्तुति की गई। अतः वर्तमान में प्रचलित मूल्यांकन सूची को 1 अगस्त 2022 से प्रभावी होने वाली सूची में भी यथावत रखा गया है।