कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा महिला किसानों को किया गया सम्मानित
भाटपाररानी - कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आज दिनांक 15 अक्टूबर 2020 को महिला किसान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में अग्रणी महिला कृषक शकुंतला देवी पूनम देवी एवं सुगांती देवी को पुरस्कृत करते हुए अंकित सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्रीमती सावित्री राय ने कहा कि आज के परिवेश में महिलाओं को कृषि के क्षेत्र में भी आने की जरूरत है वैसे तो महिलाएं शुरू से ही कृषि के काम में लगी हुई हैं | लेकिन उनकी अलग से कोई पहचान नहीं बन पाई है, इसलिए कुछ ऐसा काम करें जिससे कृषि को उद्योग के रूप में परिवर्तित कर सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए केंद्र के प्रभारी रजनीश श्रीवास्तव ने महिलाओं को संतुलित आहार एवं पोषण संबंधी जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए कृषि के विभिन्न उद्योगों जैसे मछली पालन, मुर्गी पालन, मशरूम उत्पादन, बकरी पालन, पशुपालन आदि से जोड़ने की सलाह दी केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर आर पी साहू ने महिलाओं को कृषि क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने की सलाह दी।
प्रक्षेत्र प्रबंधक अजय तिवारी ने महिलाओं को फसल विविधीकरण एवं एकीकृत कृषि प्रणाली द्वारा अपनी आय बढ़ाने के विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। महिला किसान दिवस के अवसर पर वाद विवाद, निबंध, चित्रकारी एवं क्विज जैसे प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर चंदा, कंचन, लता, सुकांति, प्रेमशिला, पूनम देवी राजमहल देवी,शकुन्तला सहित 50 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। सभी महिला किसानों को केंद्र द्वारा सहजन के पौधे भी वितरित किए गए।